बलरामपुर, 01 अप्रैल 2026। जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 9 नई एम्बुलेंस को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इनमें 8 बेसिक लाइफ सपोर्ट और 1 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस शामिल हैं।
कार्यक्रम जिला अस्पताल परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने वर्चुअल रूप से संबोधित करते हुए एम्बुलेंस को रवाना किया। उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति में समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना आवश्यक है और यह पहल उसी दिशा में एक कदम है।

कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने कहा कि एम्बुलेंस संचालन एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर सेवाओं की गुणवत्ता और प्रतिक्रिया समय में सुधार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सेवाओं की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी।
नई एम्बुलेंस को विभिन्न विकासखंडों और स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात किया गया है। जिला चिकित्सालय बलरामपुर और वाड्रफनगर को 2-2 एम्बुलेंस दी गई हैं, जबकि राजपुर, शंकरगढ़, कुसमी, रामानुजगंज और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सनावल को एक-एक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर, रेडक्रॉस सोसायटी अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, उपाध्यक्ष बबली देवी सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी विजय कुमार सिंह, सिविल सर्जन शशांक गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।