बकाया बिजली बिल पर सख्ती, 88 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए

बलरामपुर, 6 दिसंबर 2025/ जिले में बढ़ते बिजली बिल बकाये पर नियंत्रण और लंबे समय से भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई के लिए विद्युत विभाग ने सख्त अभियान शुरू किया है। 5 दिसंबर को बरियो वितरण केंद्र में विशेष वसूली अभियान चलाया गया, जिसमें विभागीय टीम ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की।

मुख्य अभियंता यशवंत शिलेदार के नेतृत्व में अधीक्षण अभियंता के.एन. सिंह, कार्यपालन अभियंता प्रकाश अग्रवाल सहित जिले के सभी सहायक और कनिष्ठ अभियंताओं की टीम सुबह 10 बजे बरियो पहुंची। टीम ने बकायादार उपभोक्ताओं के विरुद्ध सघन अभियान चलाते हुए कुल 88 कनेक्शन काटे, जिन पर 23,96,988 रुपये की बकाया राशि दर्ज थी।

अभियान के दौरान 24 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपने बकाये का भुगतान किया और कुल 9,19,563 रुपये की राशि जमा की।

मुख्य अभियंता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बकाया वसूली के लिए प्रतिदिन इसी प्रकार अभियान चलाया जाए, ताकि रिकवरी कार्य में तेजी लाई जा सके। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं, उनके घरों की शाम के समय नियमित जांच की जाए। यदि कोई उपभोक्ता अवैध रूप से बिजली उपयोग करते पाया जाता है तो उसके विरुद्ध विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं आसपास से अनधिकृत कनेक्शन लेकर उपयोग करने पर धारा 138 के तहत एफआईआर दर्ज कर न्यायालयीन प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।

विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि समय पर बिजली बिल जमा करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।


Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *