मुंगेली, 28 जुलाई 2025। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के भ्रमण के बाद लोरमी विकासखण्ड के वनांचल ग्राम बिजराकछार में विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार व जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने शिविर का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस अवसर पर राशन कार्ड, पेंशन, किसान सम्मान निधि, शौचालय निर्माण, मनरेगा कार्य, बीज वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाएं ग्रामीणों को प्रदान की गईं।

कलेक्टर ने क्रेड़ा को सौर ऊर्जा, सोलर पंप, होम लाइट व बैटरी की सुविधा जल्द उपलब्ध कराने तथा खुले बिजली तारों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही पर एसडीएम व जनपद सीईओ को नोटिस भी जारी किया। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य व सड़क सुविधाओं के विस्तार हेतु जरूरी निर्देश दिए।
शिविर में पंचायत विभाग द्वारा 460 से अधिक आवास स्वीकृत, 10 बोर खनन, 27 शिक्षकों की पदस्थापना, मौहामाचा स्कूल उन्नयन व 60 लाख की लागत से एमपीसी भवन निर्माण की भी घोषणा हुई।
