मुंगेली। राज्य में बिजली दरों में वृद्धि और लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस ने “बिजली न्याय आंदोलन” के तहत प्रदर्शन तेज कर दिया है। आंदोलन के क्रम में 16 जुलाई को लोरमी ब्लॉक में प्रदर्शन के बाद, 17 जुलाई को पथरिया ब्लॉक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज़ोरदार विरोध दर्ज कराया।

पथरिया में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा और ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेसजन मानस मंच से रैली निकालते हुए बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई कि राज्य सरकार द्वारा हाल ही में की गई चौथी बार की बिजली दर वृद्धि को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। कांग्रेस ने इसे जनविरोधी कदम बताया है। ज्ञापन के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं पर 10 से 20 पैसे, गैर-घरेलू पर 25 पैसे और कृषकों पर 50 पैसे प्रति यूनिट की दर से बढ़ोत्तरी की गई है, जिससे आम जनता, किसान और व्यापारी वर्ग आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं।

जिलाध्यक्ष वर्मा ने कहा कि राज्य में पर्याप्त बिजली आपूर्ति के बावजूद अघोषित कटौती और लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इससे शहरी और ग्रामीण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने मांग की है कि बिजली दरों को रियायती किया जाए, कटौती रोकी जाए और लो वोल्टेज की समस्या का समाधान किया जाए।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यह आंदोलन ब्लॉक स्तर पर लगातार जारी रहेगा और 22 जुलाई को जिला मुख्यालय में बड़ा घेराव किया जाएगा, जिसमें प्रदेश स्तरीय नेता भी शामिल हो सकते हैं।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रमुख नेता घनश्याम वर्मा, थानेश्वर साहू, संजीत बनर्जी, रोहित शुक्ला, नेहरू साहू, राजा ठाकुर, वशी उल्ला खान, अभिलाष सिंह, संजय कुर्रे, जागेश्वरी वर्मा, सूरज यादव, मानस लोधी, नवनीत शुक्ला, त्रिलोकी वर्मा, निरंजन नवरंग, प्रदीप गेंदले, ग्वाल दास अनत, दिलीप कौशिक, उमेश सोनी, राधेश्याम माखण्डे, एजाज अहमद, दीपक साहू, ओंकार यादव, मनोज निषाद, संतोष पाली, उर्मिला यादव, अनिता विश्वकर्मा, तुलसी सोनवानी, संतोष धृतलहरे, रशिद खान, श्माई मेमन, मुकेश मिरी, अभिषेक यादव, अशोक जायसवाल, प्रेम प्रकाश राजपूत, खेमू साहू, शिव धृतलहरे, विष्णु साहू, जवाहर बंजारे, दीपक चंद्राकर, भुनेश्वर कुर्रे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।