भारतीय महिला टीम की फिजियो आकांक्षा ने की गुरु खुशवंत साहेब से मुलाकात

रायपुर, 10 नवम्बर 2025।
छत्तीसगढ़ राज्य के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री और सतनामी समाज के गुरु श्री खुशवंत साहेब से आज भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथैरेपिस्ट एवं स्पोर्ट्स साइंस विशेषज्ञ सुश्री आकांक्षा सत्यवंशी ने नवा रायपुर स्थित उनके नवीन आवास में सौजन्य भेंट की।

भेंट के दौरान सुश्री आकांक्षा सत्यवंशी ने गुरु खुशवंत साहेब जी की गुरुगद्दी की पूजा-अर्चना कर उन्हें श्रीफल भेंट किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर गुरु खुशवंत साहेब ने परंपरानुसार शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आकांक्षा को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विश्वकप जीत में उनके अमूल्य योगदान के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि आकांक्षा सत्यवंशी ने अपने परिश्रम, लगन और निष्ठा से यह सिद्ध किया है कि यदि प्रतिभा को अवसर मिले तो वह विश्व स्तर पर भी छत्तीसगढ़ और भारत का नाम गौरवान्वित कर सकती है। उन्होंने कहा कि आकांक्षा न केवल छत्तीसगढ़ की बेटी हैं, बल्कि सतनामी समाज की भी गौरव हैं। ऐसी बेटियाँ समाज और प्रदेश दोनों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि समर्पण और शिक्षा के बल पर हर क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है और सतनामी समाज की बेटियाँ भी इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।

गुरु खुशवंत साहेब ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार खेल और युवा सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। राज्य में खेल अकादमियों, खेल विज्ञान केंद्रों और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

उन्होंने आकांक्षा सत्यवंशी से आग्रह किया कि वे अपने अनुभवों से राज्य की बेटियों और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करें, ताकि वे खेल और विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर सकें। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने आकांक्षा सत्यवंशी को छत्तीसगढ़ सरकार, सतनामी समाज और प्रदेश की जनता की ओर से शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *