भोजपुरी प्रस्तुतियों के साथ तातापानी महोत्सव संपन्न

बलरामपुर। जिले में आयोजित तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव का समापन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। समापन समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ भोजपुरी कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम स्थल दर्शकों से पूरी तरह भरा रहा।

समापन दिवस पर छात्र-छात्राओं ने नृत्य, नाटक एवं अन्य विधाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति का प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों को दर्शकों से सराहना मिली।

सांस्कृतिक संध्या में भोजपुरी सिनेमा के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। भोजपुरी गायक रितेश पांडेय ने अपने गीतों से सांस्कृतिक कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। इसके साथ ही भोजपुरी कलाकार डिंपल सिंह और खुशी कक्कड़ ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान लगातार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गीतों का सिलसिला चलता रहा। उपस्थित दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियों के साथ कलाकारों का स्वागत किया। तातापानी महोत्सव में स्थानीय मांग के अनुरूप भोजपुरी कलाकारों को आमंत्रित किया गया था, जिन्हें देखने के लिए पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे।



समापन समारोह के अंत में आमंत्रित कलाकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर रमनलाल, डीएफओ आलोक वाजपेयी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनि निकुंज, उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भानु प्रकाश दीक्षित सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *