मुंगेली (छत्तीसगढ़), 04 दिसंबर 2025।
कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर नगर पालिका क्षेत्र में अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए आज व्यापक चालानी अभियान चलाया गया। अभियान में एसडीएम अजय शतरंज, तहसीलदार, मुंगेली नगर पालिका के सीएमओ, यातायात प्रभारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने शहर के मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्रों और व्यस्त चौराहों का निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित जुर्माना लगाया।

कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहन, फुटपाथ और मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण करने वाली दुकानें तथा नियम विरुद्ध संचालित हो रहे प्रतिष्ठान मुख्य रूप से कार्रवाई की जद में आए। अधिकारियों ने बताया कि बढ़ती भीड़ और अव्यवस्थित ट्रैफिक से आम जनता को लगातार परेशानी हो रही थी, जिसके मद्देनज़र यह अभियान आवश्यक था।
टीम ने दुकानदारों और वाहन चालकों को चेतावनी दी कि वे सड़क पर अतिक्रमण न करें, वाहन निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें और सभी यातायात नियमों का पालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।