रायपुर, 12 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के निर्देश पर वन की अवैध कटाई, अतिक्रमण और अवैध उत्खनन पर नियंत्रण के लिए परियोजना मंडलों में नियमित निरीक्षण और संयुक्त गश्त की जा रही है। इसी क्रम में कोटा परियोजना मंडल, बिलासपुर की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।
गश्त के दौरान तेंदुआ परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक P-128 में अवैध लकड़ी जप्त की गई। टीम के पहुंचते ही आरोपी सागौन के चार लठ्ठे छोड़कर मौके से फरार हो गए। जप्त लकड़ी की मात्रा 0.149 घन मीटर बताई गई है और प्रकरण दर्ज किया गया है।
इसी तरह कोटा परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक RF-172 में नाले से अवैध रूप से रेत और मिट्टी का उत्खनन कर ट्रैक्टर से परिवहन किया जा रहा था। टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया।

जप्त वाहनों में ट्रैक्टर क्रमांक CG-04DT-8490 महिंद्रा लाल रंग, चालक एवं स्वामी बुधराम सिंह मरकाम, निवासी सरईपाली तथा जॉन डियर हरा ट्रैक्टर, चालक एवं स्वामी ओमप्रकाश मरावी, निवासी सरईपाली शामिल हैं। दोनों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 1(ख) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

जप्त वाहनों को राजसात की कार्रवाई के लिए प्राधिकृत अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। यह कार्रवाई क्षेत्रीय महाप्रबंधक अभिषेक सिंह और मंडल प्रबंधक सत्यदेव शर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
वन अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए निगम के प्रबंध संचालक प्रेम कुमार ने टीम की सराहना की और वन सुरक्षा कार्यों में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।