बलरामपुर, 08 अक्टूबर 2025।
जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी श्री एस.एन. साहू के मार्गदर्शन एवं श्री राजेन्द्र कटारा के निर्देश पर विभाग की टीम ने थाना शंकरगढ़ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है।

आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम मानपुर निवासी श्रीमती मानकी पाण्डेय के पास से 10 लीटर अवैध हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त की। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
जिला आबकारी अधिकारी श्री साहू ने बताया कि विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन, सार्वजनिक स्थानों पर मदिरापान, तथा राष्ट्रीय एवं राजकीय राजमार्गों के किनारे स्थित होटल एवं ढाबों में शराब रखने, पीने और पिलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध मदिरा से संबंधित जानकारी मिले, तो उसकी सूचना आबकारी नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 07831-299241 या टोल फ्री नंबर 14405 पर दें।