मुंगेली।
जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ जिला प्रशासन और वन विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है। कलेक्टर कुन्दन कुमार और वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार के निर्देशानुसार वन विभाग की टीम ने आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध उत्खनन करते हुए जेसीबी मशीन जब्त की है।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लोरमी के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के दौरान ग्राम झलरी टोपियाडीह के समीप आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से रेत उत्खनन किया जा रहा था। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन को जब्त किया।

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र खुड़िया अंतर्गत मनियारी नदी से अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान लोरमी विकासखंड के ग्राम निपनिया निवासी मशीन ऑपरेटर सनत कुर्रे ने वाहन सहित मौके से फरार होने का प्रयास किया।
आरोप है कि मशीन ऑपरेटर ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के साथ वन अधिकारियों पर जानलेवा हमला करने का भी प्रयास किया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मशीन ऑपरेटर को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में मशीन ऑपरेटर के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। वन विभाग द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।