बलरामपुर। जिले में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के निर्देश पर प्रशासन ने उर्वरक की कालाबाजारी और अवैध परिवहन पर सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में राजस्व, खाद्य और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने दो पिकअप वाहनों से अवैध उर्वरक परिवहन करते पकड़ा और वाहन सहित खाद को जब्त किया।

जानकारी के अनुसार, रामचंद्रपुर के ग्राम टिकीदीरी में 50-50 बोरी यूरिया बिना वैध दस्तावेज के पिकअप वाहनों से ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद खाद और दोनों वाहनों को जब्त कर थाना रामचंद्रपुर को सुपुर्द किया गया
इसके साथ ही रामचंद्रपुर में नारायण कृषि सेवा केंद्र के निरीक्षण में निर्धारित मूल्य सूची चस्पा नहीं होने पर संचालक को नोटिस जारी किया गया। बलरामपुर विकासखंड में कृषि विभाग की टीम ने कई निजी उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें पास मशीन और भौतिक भंडार में अंतर पाए जाने पर नोटिस जारी किए गए। दुकानों में स्टॉक पंजी, दर सूची और किसानों को दिए जाने वाले बिल की भी जांच की गई। संचालकों को निर्धारित दर पर ही उर्वरक विक्रय करने के निर्देश दिए गए और चेतावनी दी गई कि अनियमितता पाए जाने पर लाइसेंस निलंबन/निरस्त करने के साथ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

वाड्रफनगर में भी अजय ट्रेडर्स, पटेल फर्टिलाइजर सहित अन्य दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। जांच में अजय ट्रेडर्स में अनियमितता पाए जाने पर विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया गया।