अवैध अफीम खेती मामले में दो गिरफ्तार

बलरामपुर-रामानुजगंज, 12 मार्च 2026। थाना कोरंधा क्षेत्र के ग्राम तुर्रीपानी खजुरी में अवैध रूप से मादक पदार्थ अफीम की खेती करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में अपराध क्रमांक 00/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 18 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है

गिरफ्तार आरोपियों में सहादुर नगेशिया पिता देशिया नगेशिया (34 वर्ष) और दुईला नगेशिया पिता गोंदरा नगेशिया (40 वर्ष), निवासी खजूरी (तुर्रीपानी), थाना कोरंधा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार 12 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम तुर्रीपानी खजुरी में खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कुसमी और थाना प्रभारी कुसमी के नेतृत्व में एसएफएल, प्रशासन और अन्य विभागों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान खेत में अफीम की खेती पाई गई।

मौके पर सहादुर नगेशिया और दुईला नगेशिया फसल की देखरेख करते मिले। पुलिस टीम को देखकर दोनों भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। जांच में खेत में अवैध मादक पदार्थ अफीम की फसल पाई गई, जिसके बाद पंचनामा तैयार कर अफीम के पौधों को जड़, तना, पत्ती, फूल और फल सहित उखाड़कर जब्त किया गया।

बरामद अफीम का कुल वजन 1883.76 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई गई है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। मामले में एंड टू एंड विवेचना जारी है तथा वित्तीय गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

प्रशासन के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्र में लगभग 1.47 एकड़ जमीन पर छोटे-छोटे खेतों में अफीम की खेती की जा रही थी, जो झारखंड सीमा से लगा हुआ क्षेत्र है। कार्रवाई के दौरान राजस्व, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।

जिला प्रशासन ने बताया कि जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों सहित विभिन्न स्थानों पर अवैध मादक पदार्थों की खेती की रोकथाम के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अवैध मादक पदार्थों की खेती, भंडारण या परिवहन करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *