मुंगेली/जरहागांव।
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेला में हुए सनसनीखेज अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस जघन्य हत्याकांड में भाजपा से जुड़े एक पार्षद के भी शामिल होने के आरोप सामने आए हैं। पुलिस ने फरार चल रहे 07 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में 05 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, इस तरह अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
जमीन विवाद में युवक का अपहरण कर की गई थी बेरहमी से हत्या
पुलिस के अनुसार, यह मामला पुरानी रंजिश और जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। घटना 26 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच ग्राम बरेला स्थित पंजाब नेशनल बैंक परिसर से शुरू हुई।
मृतक राजकुमार धुरी (21 वर्ष), निवासी ग्राम बरेला को आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत बैंक से जबरन उठाया, अन्यत्र ले जाकर लाठी-डंडों और मुक्कों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
घटना के बाद मृतक को उसके घर के सामने फेंक दिया गया, जहां से परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
भागने की साजिश, कई जिलों में घूमते रहे आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि हत्या के बाद वे सबूत मिटाने और पुलिस से बचने के लिए बरेला, भाठापारा, रायपुर, दुर्ग, नागपुर सहित कई स्थानों पर भागते रहे।
हत्या में प्रयुक्त डंडा ठकुरीकापा नर्सरी से बरामद किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कारें और दोपहिया वाहन भी जब्त किए हैं।
भाजपा पार्षद की भूमिका पर उठे सवाल
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में से एक के भाजपा से जुड़े पार्षद होने की भी चर्चा है, जिससे यह मामला और अधिक राजनीतिक रूप से संवेदनशील हो गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष रूप से जारी है और कानून से ऊपर कोई नहीं है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 194/2025 के तहत
धारा 140(1), 103(2), 61(2)(ए), 238(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।
30 दिसंबर को गिरफ्तार आरोपी
1. प्रदीप उर्फ छोटू साहू2. विनीत साहू उर्फ चिंटू 3. रवि निर्मलकर4. राजा धुरी 5. प्रदीप धु्रवंशी, 6. मनीष साहू
7. योगेश साहू
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी (28 दिसंबर)
1. संतोष कुमार साहू 2. पोमेश साहू 3. सोनू राम साहू
4. उत्तम साहू,5. समीर कोशले
अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि अब भी कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। साथ ही, फरार आरोपियों को शरण देने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है।