अमृत मित्र महोत्सव हेतु 13 महिलाएं दिल्ली रवाना

मुंगेली, 11 मार्च 2026। जिले के नगरीय निकायों में अमृत मिशन 2.0 अंतर्गत अमृत मित्र के रूप में कार्यरत स्व सहायता समूह की 13 महिलाओं को 13 मार्च को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अमृत मित्र महोत्सव में शामिल होने के लिए रवाना किया गया।

कलेक्टर कुन्दन कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) तथा संबंधित नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) ने महिलाओं को हरी झंडी दिखाकर नई दिल्ली के लिए रवाना किया।

इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि अमृत मिशन 2.0 के माध्यम से स्व सहायता समूह की महिलाएं नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता, जल प्रबंधन और जनजागरूकता से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। अमृत मित्र के रूप में महिलाएं समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही हैं।

नई दिल्ली में आयोजित अमृत मित्र महोत्सव में भाग लेने से महिलाओं को विभिन्न राज्यों से आए अमृत मित्रों से संवाद करने, अनुभव साझा करने और नई जानकारियां प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

अधिकारियों ने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए महोत्सव में सक्रिय रूप से भाग लेने और वहां प्राप्त अनुभवों को जिले में साझा करने की बात कही, ताकि अन्य समूहों को भी प्रेरणा मिल सके।

उल्लेखनीय है कि अमृत मिशन 2.0 के तहत नगरीय निकायों में स्व सहायता समूह की महिलाओं को अमृत मित्र के रूप में जोड़ा गया है, जो स्वच्छता, जल संरक्षण, नागरिक जागरूकता और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *