मुंगेली स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर उच्च माध्यमिक आवासीय विद्यालय में विश्व स्काउट चीफ लार्ड बेडेन पावेल एवं लेडी बेडेन पावेल के जन्मदिन पर चिंतन दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में संस्था के व्यवस्थापक एच.आर. भास्कर एवं जिला स्काउट संघ के कोषाध्यक्ष संतोषकुमार यादव विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत लार्ड बेडेन पावेल, लेडी बेडेन पावेल एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण से हुई। इसके बाद सर्वधर्म प्रार्थना एवं ध्वज शिष्टाचार कर एक दिवसीय शिविर का शुभारंभ किया गया।

शिविर में लार्ड बेडेन पावेल के जीवन पर प्रकाश डाला गया तथा विद्यार्थियों को टोलीवार विभाजित कर विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।
प्राचार्य आशा दिवाकर ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय प्रशिक्षण केन्द्र पचमढ़ी में दो बार प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि यह संस्था लड़कियों को लैंगिक समानता, शिक्षा और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित करती है।

विशिष्ट अतिथि संतोषकुमार यादव ने कहा कि 118 वर्ष पूर्व बेडेन पावेल द्वारा प्रारंभ किए गए शिविर को आज विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त है और इसका व्यापक प्रभाव विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों एवं यूनिट लीडरों पर देखा जा सकता है।
जिला प्रशिक्षण आयुक्त राजेन्द्र दिवाकर ने कहा कि स्काउटिंग से जुड़े सदस्यों की जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने चिंतन दिवस को स्काउटिंग आंदोलन के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सदस्यता वृद्धि पर विचार करने का अवसर बताया।
व्यवस्थापक एच.आर. भास्कर ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में स्काउटिंग गतिविधि संचालित होने से यह आंदोलन सुनागरिक बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन उपप्राचार्य छत्रपाल डाहिरे ने किया।