आठ युवाओं और एक संगठन को युवा रत्न सम्मान

रायपुर, 12 जनवरी 2026। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्य के आठ युवाओं और धमतरी जिले की युवा स्टार सेवा समिति, खुरतुली को छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर के नवीन विश्राम भवन में आयोजित समारोह में यह सम्मान प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती का स्मरण किया और युवाओं से दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम और समर्पण के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेने की बात कही।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि युवा रत्न सम्मान के लिए प्राप्त आवेदनों से राज्य में प्रतिभाओं की उपलब्धता स्पष्ट होती है। उन्होंने बताया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य में पहली बार 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को व्यक्तिगत क्षमता विकास और समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने स्वागत भाषण में बताया कि विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से चयन करना चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि युवाओं के कार्यों को पहचान देने के उद्देश्य से यह सम्मान प्रारंभ किया गया है।

समारोह में बेमेतरा के एस्ट्रोफिजिक्स क्षेत्र के युवा वैज्ञानिक पीयूष जायसवाल, कांकेर की शिल्पा साहू, सरगुजा के अमित यादव, महासमुंद की मृणाल विदानी, दुर्ग की परिधि शर्मा, बिलासपुर की अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी, कवर्धा के सचिन कुनहरे और आरू साहू को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य, पर्यावरण, स्वच्छता, साक्षरता, महिला उत्थान और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में कार्य करने वाली युवा स्टार सेवा समिति, खुरतुली को भी सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *