आदिवासी समाज ने शहीद वीर नारायण सिंह को किया नमन, रानी दुर्गावती प्रतिमा का अनावरण

मुंगेली। आदिवासी समाज मुंगेली द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद वीर नारायण सिंह की बलिदान दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन लोरमी विधानसभा अंतर्गत ग्राम परसवारा (ढोलगी) में किया गया। कार्यक्रम में समाज के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी वीरता, स्वाभिमान, अद्वितीय साहस और पराक्रम को स्मरण किया गया।

इस अवसर पर आदिवासी समाज द्वारा नारी शक्ति और वीरता की प्रतीक वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन साहस, नेतृत्व और आत्मसम्मान का जीवंत उदाहरण है। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती रहेगी।

कार्यक्रम में अमर शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। बताया गया कि 1856 के भीषण अकाल के दौरान उन्होंने कसडोल के साहूकारों के गोदामों से अनाज निकालकर गरीबों में वितरण किया, जिससे वे गरीबों के मसीहा के रूप में पहचाने गए। 1857 के विद्रोह के दौरान जेल से निकलकर उन्होंने सोनाखान में अंग्रेजों के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष का नेतृत्व किया, जो छत्तीसगढ़ का पहला स्वतंत्रता संग्राम माना जाता है। किसानों और आदिवासियों को संगठित कर उन्होंने शोषण के विरुद्ध जागरूकता फैलाई। अंततः अंग्रेजों द्वारा 10 दिसंबर 1857 को रायपुर के जयस्तंभ चौक में उन्हें तोप से उड़ा दिया गया, जिससे वे छत्तीसगढ़ के पहले शहीद बने।



कार्यक्रम में रानी दुर्गावती के बलिदान को भी याद किया गया। उल्लेख किया गया कि उन्होंने 24 जून 1564 को मुगलों के सामने आत्मसमर्पण के बजाय युद्ध करते हुए वीरगति प्राप्त की, जिसकी स्मृति में हर वर्ष 24 जून को उनका बलिदान दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आदिवासी समाज के लिए 25 लाख रुपये की लागत से आदिवासी मंगल भवन निर्माण तथा 10 लाख रुपये की सीसी रोड सहित क्षेत्र के विकास हेतु अन्य घोषणाएं कीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सुभाष परते, प्रदेश अध्यक्ष सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में महेश गागड़ा पूर्व मंत्री वन एवं पर्यावरण, विरेंद्र कुमार मरावी जिला अध्यक्ष केंद्रीय गोंड महासभा मुंगेली, जिगेश्वर सिंह ध्रुव जिला सचिव, धमेंद्र मरकाम ब्लॉक अध्यक्ष लोरमी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। लोरमी, मुंगेली और पथरिया ब्लॉक के सामाजिक मार्गदर्शक, वरिष्ठजन, बच्चे, कार्यकर्ता, ग्रामीणजन, जिला एवं पुलिस प्रशासन तथा मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति में यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *