मुंगेली। मुंगेली पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ट्रैक्टर और सात चोरी की मोटरसाइकिल सहित कुल आठ वाहन बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अपचारी बालक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। जप्त वाहनों की अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ‘‘ऑपरेशन बाज’’ और छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘‘सशक्त एप’’ के माध्यम से थाना लोरमी, सिटी कोतवाली मुंगेली एवं फास्टरपुर क्षेत्र में चोरी हुए वाहनों का पता लगाकर कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 11–12 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात लोरमी क्षेत्र से ट्रैक्टर चोरी की रिपोर्ट पर विवेचना प्रारंभ की गई थी। तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पूछताछ में आरोपियों ने ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए वाहन बरामद किए गए।

मामले में थाना लोरमी, सिटी कोतवाली मुंगेली एवं थाना फास्टरपुर में पंजीबद्ध प्रकरणों के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या चौकी को दें तथा घरों व दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाएं।
इस कार्यवाही में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (प्रभारी साइबर सेल), निरीक्षक अखिलेश वैष्णव (थाना प्रभारी लोरमी), निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली), उपनिरीक्षक सुन्दर लाल गोरले सहित साइबर सेल, लोरमी, सिटी कोतवाली एवं फास्टरपुर थाना की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।