ओवरलोडिंग पर उपलेटा राइस मिल सील, नौ वाहन जब्त

मुंगेली, 12 जनवरी 2026। जिले में धान की अवैध ओवरलोडिंग और रिसायक्लिंग की शिकायतों पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। राज्य शासन से प्राप्त अलर्ट और मुख्य सचिव की बैठक के बाद कलेक्टर कुन्दन कुमार और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने उपलेटा व वर्धमान राइस मिल तथा उपार्जन केंद्र नवागांव घुठेरा का सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर उपलेटा राइस मिल को तत्काल प्रभाव से सील किया गया। धान परिवहन और ओवरलोडिंग में संलिप्त नौ वाहनों को जब्त किया गया है। वर्धमान राइस मिल की जांच जारी है। उपार्जन केंद्र नवागांव घुठेरा में बिना जीपीएस वाले वाहन से धान उठाव की जानकारी पर भी जांच की जा रही है।

कलेक्टर ने बताया कि जिले की राइस मिलों और सहकारी समितियों में ओवरलोडिंग और रिसायक्लिंग से संबंधित शिकायतें और रिपोर्ट लगातार प्राप्त हो रही थीं। इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर उपलेटा की चार राइस मिलों में अनियमितताएं पाई गईं।

निरीक्षण में राइस मिल के पीछे की बाउंड्रीवाल टूटी हुई मिली, जिससे बाहरी धान को अवैध रूप से खपाने की संभावना सामने आई। कस्टम मिलिंग के नाम पर प्राइवेट मिलिंग किए जाने तथा फर्मों के बीच अधिकृत एंट्री-एग्जिट गेट नहीं होने की जानकारी भी मिली, जिससे एक फर्म का चावल दूसरी फर्म में खपाया जा रहा था।

कलेक्टर ने बताया कि राज्य से प्राप्त अलर्ट में जिस वाहन में धान मूवमेंट की जानकारी मिली थी, वही वाहन राइस मिल परिसर में पाया गया। प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग, अवैध परिवहन और धान रिसायक्लिंग से जुड़े सुनियोजित नेटवर्क की संभावना सामने आई है। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर संबंधित राइस मिल संचालकों, फर्मों और संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, जिला खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना, सहकारिता आयुक्त हितेश श्रीवास, डीएम नान संदीप शर्मा, जिला विपणन अधिकारी मनोज यादव, जिला परिवहन अधिकारी असीम माथुर सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *