खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा का मुंगेली दौरा

मुंगेली/22 दिसंबर 2025//
छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने आयोग के दल के साथ मुंगेली जिले का दौरा किया। इस दौरान कलेक्टर सभा कक्ष में जिला अपर कलेक्टर की उपस्थिति में पीडीएस, मध्यान्ह भोजन योजना, पोषण आहार योजना तथा आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित आश्रम-छात्रावासों हेतु खाद्यान्न आधारित योजनाओं की समीक्षा संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ की गई।

समीक्षा बैठक में अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले की जिन उचित मूल्य दुकानों में निरीक्षण के दौरान खाद्यान्न स्टॉक में कमी पाई जाए, वहां दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। दुकानों में एपीएल और बीपीएल चावल के भंडारण हेतु पृथक स्थान सुरक्षित रखने तथा सभी दुकानों में खाद्यान्न के सैंपल प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

मध्यान्ह भोजन व पोषण योजनाओं की समीक्षा

शासकीय विद्यालयों में निर्धारित पात्रता के अनुसार मध्यान्ह भोजन प्रदाय करने और उसकी मात्रा के सही मूल्यांकन हेतु नापने के उपकरण रखने के निर्देश दिए गए। स्व सहायता समूहों से प्राप्त अनाज से बनने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं मात्रा की सतत निगरानी के लिए निगरानी समिति और स्कूल प्रशासन को जिम्मेदारी सौंपी गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग को पोषण ट्रैकर का सही उपयोग सुनिश्चित करने तथा दर्ज आंकड़ों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। सभी सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण करने को कहा गया। वहीं आदिम जाति कल्याण विभाग को संचालित आश्रम-छात्रावासों में अधीक्षकों का नियमित निवास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

खाद्यान्न गुणवत्ता व दुकानों का निरीक्षण

बैठक से पूर्व खाद्य आयोग अध्यक्ष ने जिले में शासन द्वारा प्रदाय किए जा रहे भोजन एवं राशन की गुणवत्ता की जांच हेतु विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत ग्राम चारभांटा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 का निरीक्षण कर फोर्टिफाइड चावल के उपयोग एवं पकाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पात्र बच्चों को पूरक पोषण प्रदान करने तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

खाद्य विभाग के निरीक्षण में मुंगेली शहर की उचित मूल्य दुकान क्रमांक 401002007 (तिलक वार्ड-17) में 277 क्विंटल चावल की कमी पाई गई। दुकान औचक निरीक्षण के दौरान बंद मिली और सामने कोई सूचना बोर्ड नहीं लगा था। दुकान का आबंटन निरस्त करते हुए संचालनकर्ता एजेसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वार्ड क्रमांक 18 में शारदा महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित दुकान में पूर्व एजेसी द्वारा गबन किए गए 162 क्विंटल चावल की वसूली तथा संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अन्य निरीक्षित दुकानों में एपीएल एवं बीपीएल चावल पृथक रखने और खाद्यान्न सैंपल प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

जिला स्तरीय समीक्षा बैठक एवं निरीक्षण के दौरान खाद्य आयोग सदस्य सचिव राजीव जायसवाल, अपर कलेक्टर जी सी यादव, मिष्ठा पाण्डेय, जिला शिक्षा अधिकारी डहीरे, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास मंजुला शर्मा, सहायक संचालक आदिम जाति कल्याण विभाग बाँधे, जिला खाद्य अधिकारी एच के डडसेना एवं खाद्य विभाग से डॉ सूरज दुबे उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *