मुंगेली, 6 दिसंबर 2025/ पुलिस अधीक्षक भोज राम पटेल द्वारा संचालित पहल जागरूकता अभियान के तहत सुखनंदन महाविद्यालय में शनिवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 135 छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, यातायात नियम, नशामुक्ति और युवा सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. आभा चौबे ने की। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सामाजिक और नैतिक रूप से जागरूक होना आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता शैलजा स्वामी (बिलासपुर) ने साइबर क्राइम, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड और सोशल मीडिया दुरुपयोग से बचाव के तरीके बताए। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर माध्यम से बढ़ते अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।
पुलिस अधिकारी शत्रुहन खूंटे ने संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, निजी जानकारी साझा न करने और किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर सेल से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने यातायात सुरक्षा पर भी जागरूक किया और हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रैफिक सिग्नल तथा गति सीमा का पालन करने पर जोर दिया। नशामुक्ति विषय पर बोलते हुए उन्होंने विशेषकर ब्राउन शुगर के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने प्रश्नोत्तरी के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। विशेषज्ञों ने उनके सभी प्रश्नों का विस्तृत जवाब दिया।
इस अवसर पर थाना सिटी कोतवाली मुंगेली से राजेश कुमार बंजारे, दुर्गेश यादव, महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापकगण और सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को जागरूक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना रहा।