मुंगेली | 3 दिसंबर 2025
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के 66 समितियों के 105 उपार्जन केंद्रों पर धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। अब तक 14,193 किसानों से लगभग 6,35,000 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि सीमांत व लघु किसानों के टोकन को प्राथमिकता दी जा रही है और निर्धारित मापदंडों का कड़ाई से पालन अनिवार्य है। कुछ उपार्जन केंद्रों से तौल में असमानता की शिकायतें मिलने पर संबंधित केंद्रों की जांच कराई जा रही है।

प्रशासन ने बताया कि बेहतर निगरानी के लिए जिले में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। रूट मैपिंग और चिन्हांकित परिवहन वाहनों में GPS ट्रैकिंग लगाकर परिवहन गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। आंतरिक चेक पोस्ट एवं रात्रिकालीन गश्त के माध्यम से अनियमितताओं पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
सहायक आयुक्त सहकारिता हितेश श्रीवास ने स्पष्ट किया कि हमाली दर सिर्फ कृषि उपज मंडी के लिए लागू होती है, उपार्जन केंद्रों पर यह दर लागू नहीं है। किसानों की सहूलियत और शिकायत निवारण के लिए हेल्पलाइन नंबर 7755299003 जारी किया गया है।
प्रशासन ने किसानों से आग्रह किया है कि वे केवल पंजीकृत उपार्जन केंद्रों पर ही धान विक्रय करें और किसी प्रकार की भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें।