मुंगेली में जनजातीय गौरव दिवस इस बार और भी खास रहा। ग्राम बंधवा स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में न सिर्फ जनजातीय गौरव का संदेश गूंजा, बल्कि विद्यार्थियों को प्रेरणा, प्रोत्साहन और सम्मान भी मिला।
प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन, विधायक बोले—धरती आबा का योगदान अमिट
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन से हुई। मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने जनजातीय समुदाय को शुभकामनाएं दीं और कहा कि बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई में ऐतिहासिक योगदान दिया।
उन्होंने बताया कि आदिवासी समाज के विकास के लिए राज्य और केंद्र सरकार द्वारा पीएम जनमन, पीएम आदर्श ग्राम, आयुष्मान भारत सहित कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संदेश भी पढ़कर सुनाया।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को दिया संदेश—लक्ष्य तय करें और आगे बढ़ें
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि एकलव्य विद्यालय में चयन कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद होता है, इसलिए विद्यार्थियों को मिली सुविधाओं—लैब, लाइब्रेरी और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों—का पूरा उपयोग करना चाहिए।
कलेक्टर ने बच्चों को नियमित अभ्यास, लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने की सलाह देते हुए जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं।

संस्कृति, प्रेरक प्रसंग और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति, प्रेरक कहानियों और बिरसा मुंडा के जीवन संघर्षों से जुड़ी प्रस्तुतियां दी गईं।
अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी, स्कूल प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
