रायपुर, 10 नवम्बर 2025।
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने आज सुकमा जिले के कोंटा विकासखण्ड के अतिसंवेदनशील ग्राम पूर्वर्ती का अचानक दौरा किया। यहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ जनचौपाल आयोजित की और नक्सली लीडर माड़वी हिड़मा और बारसे देवा के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर पुनर्वास की अपील की।

जनचौपाल में माड़वी हिड़मा की माता श्रीमती माड़वी पुंजी, बारसे देवा की माता श्रीमती बारसे सिंगे सहित दोनों परिवारों के कई सदस्य उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने ग्रामीणों से बातचीत कर गांव में मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि पहले यहां सड़क, स्वास्थ्य और राशन जैसी सुविधाओं का अभाव था, लेकिन नियद नेल्ला नार योजना के तहत अब सड़क पहुँच चुकी है और आवश्यक सुविधाएं गांव तक उपलब्ध हो रही हैं।

उपमुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ भोजन किया, उपहार भेंट किए और उनकी मांगों को पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस दौरान नक्सली लीडरों की माताओं श्रीमती माड़वी पुंजी और श्रीमती बारसे सिंगे ने भावुक अपील करते हुए कहा कि उनके बेटे जंगलों में हथियार लेकर भटक रहे हैं, जिससे किसी का भला नहीं हो रहा। उन्होंने कहा — “अब हथियार छोड़ो, समाज और परिवार में लौटो, विकास की राह चुनो।” दोनों माताओं ने अपने बेटों से वीडियो संदेश के माध्यम से भी समाज की मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।

उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने परिजनों से कहा कि यदि भटके युवा हथियार छोड़कर पुनर्वास का मार्ग अपनाते हैं तो शासन उनका पूरा ख्याल रखेगा। उन्होंने कहा कि “ये युवा शक्ति बस्तर के विकास की नींव बन सकते हैं। शांति, समृद्धि और स्थायी विकास के लिए सभी का साथ आवश्यक है।”
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन बस्तर क्षेत्र में नक्सल हिंसा समाप्त करने और भटके युवाओं को पुनर्वास के माध्यम से मुख्यधारा में जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने पूर्वर्ती में स्थित 150वीं बटालियन के कैंप का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रीय सशस्त्र बलों और राज्य पुलिस के जवानों से मुलाकात कर उन्हें प्रोत्साहित किया तथा नक्सल हिंसा में शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि “बस्तर के जवानों का साहस, समर्पण और बलिदान राज्य की अमूल्य धरोहर है।”
इस अवसर पर बस्तर कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री सुंदरराज पी., कलेक्टर श्री देवेश ध्रुव, पुलिस अधीक्षक श्री किरण चौहान सहित अनेक अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।