नार्को समिति बैठक, अवैध दवाओं पर सख्ती के निर्देश

बलरामपुर। कलेक्टर राजेन्द्र कटारा की अध्यक्षता में मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (NCORD) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के अवैध व्यापार को रोकने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई।



कलेक्टर ने पुलिस, औषधि, आबकारी और समाज कल्याण विभाग को आपसी समन्वय से कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोटपा एक्ट के तहत स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों के आसपास संचालित दुकानों की सघन जांच करने को कहा गया।

कलेक्टर ने राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम गठित कर प्रतिबंधित दवाओं, एक्सपायर दवाओं और संचालित क्लिनिकों के लाइसेंस की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि अवैध या अनुचित दवाओं की बिक्री किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अवैध क्लिनिकों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।

इसके अलावा उन्होंने विकासखंड स्तर पर नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने और नशामुक्ति केंद्र की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर बल दिया। उन्होंने ग्राम स्तर पर नशामुक्ति केंद्र की जानकारी सार्वजनिक करने और लोगों को नशामुक्ति से जोड़ने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *