समाचार:
मुंगेली। कलेक्टर कुंदन कुमार ने मंगलवार को जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागीय योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने राजस्व, विद्युत, महिला एवं बाल विकास विभाग के लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। साथ ही खसरा सत्यापन, ई-कोर्ट, नामांतरण और बंटवारे से जुड़े मामलों को समय-सीमा में निपटाने कहा। उन्होंने डिजिटल क्रॉप सर्वे और किसान पंजीयन की प्रगति की समीक्षा कर लक्षित प्रगति सुनिश्चित करने निर्देशित किया।
बैठक में 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘‘सेवा संकल्प पखवाड़ा’’ की तैयारी पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने शिविरों के माध्यम से आय, जाति, निवास, राशनकार्ड, आयुष्मान कार्ड और किसान क्रेडिट कार्ड जैसे योजनाओं का लाभ अधिकतम पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने की बात कही। उन्होंने पंचायतों और नगरीय निकायों में स्वच्छता अभियान चलाने, प्लास्टिक कचरे की विशेष सफाई और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने पर बल दिया।
‘‘आदि कर्मयोगी अभियान’’ की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि यह पहल सेवा, समर्पण और सुशासन की भावना को मजबूत करेगी तथा ग्राम स्तर पर शासकीय सेवाओं की प्रभावी प्रदायगी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने जिले के तीनों विकासखंडों के 35 आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में योजनाओं की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत स्तर पर योजनाओं के संतृप्तिकरण का प्रमाण-पत्र लेने की बात कही।
अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पांडेय तिवारी और जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय ने भी अधिकारियों को जनजातीय क्षेत्रों में योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुँचाने कहा। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने ‘‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’’ अभियान की जानकारी दी, वहीं जिला शिक्षा अधिकारी ने ‘‘सेवा पखवाड़ा’’ अंतर्गत स्वच्छता रैली, मानव श्रृंखला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा बताई।
इस अवसर पर सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
