बलरामपुर, 06 अगस्त 2025/
जिले में आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सामग्री में मिलावट रोकने कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के निर्देशन में जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बसंत कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जिलेभर में होटलों, दुकानों और ठेलों में औचक निरीक्षण की कार्रवाई शुरू कर दी है।
खास तौर पर स्कूली क्षेत्रों के आसपास लगे खाने-पीने के ठेलों और होटलों की सघन जांच की जा रही है, ताकि बच्चों को मिलावटी और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों से बचाया जा सके।
सीएमएचओ डॉ. बसंत कुमार सिंह ने जानकारी दी कि जिले के सभी विकासखण्डों में खाद्य विभाग सक्रिय है। दुकानदारों से साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने और मिलावटी सामान न बेचने की सख्त हिदायत दी गई है।
📍 प्रमुख कार्रवाई के बिंदु:
🔸 शंकरगढ़ स्कूल क्षेत्र:
यहां स्थानीय बाजार के होटलों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
🔸 वाड्रफनगर विकासखंड – बलंगी क्षेत्र:
यहां मिठाई की दुकानों में गंदगी और मिलावट की शिकायतों पर कार्रवाई की गई।
बालेश्वर केक एंड बेकरी शॉप से छेना मिठाई का सैंपल लिया गया।
राधा मिष्ठान भंडार से लड्डू का नमूना लिया गया, साथ ही रसोई घर में गंदगी पाए जाने पर संबंधित प्रबंधक पर कार्रवाई की गई।
👥 टीम में शामिल अधिकारीगण:
खाद्य सुरक्षा अधिकारी: श्री नितिश कुमार मिश्रा
नमूना सहायक: श्री रविकांत गुप्ता
अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में मिलावटी सामग्री की पुष्टि होती है तो संबंधित दुकानदारों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों में आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने प्रशासन की यह पहल सराहनीय मानी जा रही है।
