शंकरगढ़ विकासखंड को संपूर्णता अभियान में शत-प्रतिशत सफलता, मिलेगा गोल्ड मेडल

बलरामपुर, 29 जुलाई 2025 | आकांक्षी विकासखंड शंकरगढ़ ने संपूर्णता अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए 6 संकेतकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की है। इस उपलब्धि के लिए भारत सरकार द्वारा 2 अगस्त को शंकरगढ़ विकासखंड को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा।



इस अवसर पर जिला स्तरीय संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह का आयोजन ऑडिटोरियम भवन के पास साप्ताहिक बाजार परिसर में किया गया। कार्यक्रम में आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर पर दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

कार्यक्रम में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज, उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव, पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य कृष्णा गुप्ता, नगरपालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का, जनपद उपाध्यक्ष बबली देवी, कलेक्टर राजेन्द्र कटारा, वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।



मंत्री नेताम ने कहा कि नीति आयोग द्वारा चयनित आकांक्षी विकासखंडों में शंकरगढ़ शामिल है, जहां शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, संस्थागत प्रसव, पोषण, शिशु मृत्यु दर जैसे मानकों पर बेहतरीन कार्य हुआ है। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजातीय क्षेत्रों जैसे पहाड़ी कोरवा व पंडो समाज में जागरूकता के लिए प्रशासन की सराहना की और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर भी बल दिया।

जनपद सीईओ शंकरगढ़ वेद प्रकाश पाण्डेय को छह संकेतकों में उत्कृष्ट उपलब्धि हेतु गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने कहा कि मात्र तीन माह में इस विकासखंड ने उल्लेखनीय प्रगति की है।



कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने बताया कि स्वास्थ्य, पोषण, कृषि व ग्रामीण विकास सहित छह संकेतकों में शंकरगढ़ ने पूर्ण सफलता प्राप्त की है। उन्होंने आंकड़ों के साथ जानकारी दी कि 517 गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, 7775 मधुमेह व उच्च रक्तचाप की जांच, 3284 महिलाओं को पूरक पोषण आहार, 906 समूहों को चक्रीय निधि तथा 1167 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण किए गए हैं।

कार्यक्रम में मंत्री नेताम ने 39 फ्रंटलाइन वर्करों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और चार हितग्राहियों को स्वेच्छानुदान राशि के चेक वितरित किए। अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *