बलरामपुर (छ.ग.)।
रामानुजगंज थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक महत्वपूर्ण मामले में कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट धारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में कुल ₹3,90,639 का संदिग्ध लेन-देन पाया गया, जिसे साइबर ठगी से जोड़ा गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

ऐसे खुला मामले का राज
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देश पर म्यूल अकाउंट धारकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रामानुजगंज थाना प्रभारी अजय साहू के मार्गदर्शन में टीम ने आरोपी जसनाथ मिंज (32 वर्ष), निवासी आरागाही को पूछताछ के लिए तलब किया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वर्ष 2024 में एक ऑनलाइन ठग गिरोह ने उसे ₹5000 प्रतिमाह के लालच में बैंक खाता खुलवाने को कहा था। आरोपी ने केनरा बैंक में खाता खोलकर ठगों को सौंप दिया। जांच में यह सामने आया कि उसके खाते का उपयोग साइबर अपराधियों द्वारा ठगी की राशि के लेनदेन में किया गया है।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आरोपी के कबूलनामे के आधार पर उसे 19 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
जांच टीम की सक्रिय भूमिका
इस पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय साहू, सहायक उपनिरीक्षक कृपादान लकड़ा तथा प्रधान आरक्षक नारायण तिवारी की विशेष भूमिका रही।