बलरामपुर, 08 जुलाई 2025(संतोष कश्यप)
बलरामपुर पुलिस को सायबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना राजपुर की पुलिस टीम ने म्यूल खाता धारक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी के तीन अलग-अलग बैंक खातों में कुल ₹9.45 लाख की संदिग्ध और अवैध लेन-देन का पता चला है।

पुलिस अधीक्षक श्री बैंकर वैभव रमन लाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विश्वदीपक त्रिपाठी के दिशा-निर्देशन में सायबर ठगी के विरुद्ध की जा रही सघन जांच में थाना राजपुर को यह सफलता मिली। थाना प्रभारी निरीक्षक भारद्वाज सिंह ने बताया कि मुखबिर और बैंक खातों की जांच के आधार पर वार्ड क्रमांक 3 बकदरीपारा निवासी विशाल पैकरा पिता अजय पैकरा (उम्र 28 वर्ष) के तीन अलग-अलग खातों से कुल ₹9,45,787 की ऑनलाइन ठगी से जुड़ी ट्रांजेक्शन की पुष्टि हुई।
जांच में सामने आया कि विशाल ने अपने साथी के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन ठगी की वारदातों को अंजाम दिया। आरोपी ने अपने बैंक खातों को धोखाधड़ी के लिए किराये पर देकर कमीशन के रूप में राशि प्राप्त की। खातों का विवरण इस प्रकार है:
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया – ₹2,11,868
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया – ₹6,67,502
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया – ₹66,471
पूरे मामले में आरोप सिद्ध होने के बाद आरोपी विशाल पैकरा को धारा 111, 317(2), 317(4), 317(5) बीएनएस के तहत दिनांक 08 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भारद्वाज सिंह, उप निरीक्षक दिनेश राजवाड़े, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र ध्रुव, नवीन साहू और आरक्षक रूपेश गुप्ता की प्रमुख भूमिका रही।