बलरामपुर, 08 जुलाई 2025।(संतोष कश्यप)
कलेक्टर राजेन्द्र कटारा की अध्यक्षता में जिला संयुक्त कार्यालय भवन के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य, खाद-बीज, प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा सहित जनहित की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाएं अलर्ट मोड पर:
कलेक्टर ने मानसून को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में डेंगू, मलेरिया, सर्दी-खांसी जैसी मौसमी बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों, जांच किट्स और मेडिकल स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। खासतौर पर पीवीटीजी व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
सर्पदंश से बचाव के निर्देश:
कलेक्टर ने सर्पदंश के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में एंटी-स्नेक वेनम दवाएं उपलब्ध रहें। ग्रामीणों को समय पर अस्पताल लाने के लिए जागरूक किया जाए और प्राथमिक उपचार की जानकारी दी जाए।

खाद-बीज की गुणवत्ता और उपलब्धता:
खरीफ फसल को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त खाद और बीज मिलें। डीएपी की कमी के विकल्प के रूप में एनपीके और एसएसपी उर्वरकों के उपयोग के लिए किसानों को जागरूक करें। बिना लाइसेंस के खाद-बीज विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा:
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि आवासों का निर्माण तेजी से पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिया जाए। विकासखंडवार प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने को कहा गया।
मनरेगा और अन्य योजनाएं:
मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजन और रोजगार की स्थिति की भी समीक्षा की गई। पेयजल, ग्रामीण आजीविका मिशन, राशन दुकान संचालन, खाद्यान्न भंडारण और वितरण जैसे मुद्दों पर भी अधिकारियों से फीडबैक लिया गया और आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, सभी एसडीएम व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।