समाचार:
मुंगेली, 08 अक्टूबर 2025 — पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में फास्टरपुर पुलिस ने धान खरीदी में फर्जीवाड़ा कर गबन करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सरजू बघेल ने धान खरीदी केंद्र तरवरपुर में 65 लाख 2 हजार 684 रुपये की अनियमितता की थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुमरनदास मानिकपुरी, शाखा प्रबंधक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर शाखा सेतगंगा ने थाना फास्टरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सहायक आयुक्त सहकारिता एवं सहायक पंजीयक मुंगेली की जांच में धान खरीदी केंद्र तरवरपुर में गंभीर वित्तीय अनियमितता पाई गई है।
जांच के अनुसार, वर्ष 2024-25 में कुल 39,767.20 क्विंटल धान खरीदी की गई थी, जिसमें से 36,404.36 क्विंटल धान का परिदान किया गया, जबकि शेष 2,094.64 क्विंटल धान कम पाया गया। प्रति क्विंटल ₹3,100 की दर से यह राशि ₹65,02,684 की थी, जिसे धान खरीदी प्रभारी सरजू बघेल द्वारा गबन किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में फास्टरपुर पुलिस ने जांच की। आरोपी के घर ग्राम फंदवानीकापा में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से धान खरीदी रजिस्टर जब्त किया गया।
फास्टरपुर पुलिस ने आरोपी सरजूराम बघेल पिता छोटकूराम बघेल, उम्र 46 वर्ष, निवासी फंदवानीकापा, थाना सिटी कोतवाली मुंगेली को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 65/2025 धारा 318(4), 316(5) बीएनएस के तहत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरीजा शंकर यादव, सउनि. विजय बंजारे, आरक्षक तीजराम यादव, अतुल सिंह, बुंदेल पटेल एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
