टाइटल:
मुख्यमंत्री ने स्टेट हैंगर से विमान सेवा का किया शुभारंभ
न्यूज़:
रायपुर, 10 नवम्बर 2025।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज स्वामी विवेकानंद विमानतल परिसर, माना कैम्प के समीप बने स्टेट हैंगर के नियमित विमान परिचालन सेवा का शुभारंभ किया। शुभारंभ के पश्चात मुख्यमंत्री साय अपने गुजरात प्रवास हेतु इसी नए स्टेट हैंगर से रवाना हुए।
इस नई व्यवस्था से रायपुर एयरपोर्ट के यात्री टर्मिनल पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आम यात्रियों को होने वाली असुविधा अब समाप्त हो जाएगी। स्टेट हैंगर के संचालन से वीवीआईपी आगमन और प्रस्थान की व्यवस्थाएँ अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित हो जाएंगी।

उल्लेखनीय है कि इस स्टेट हैंगर का निर्माण लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा वर्ष 2012 में लगभग 6.50 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण किया गया था। हालांकि इसके नियमित परिचालन के लिए आवश्यक डीजीसीए (DGCA) और बीसीएएस (BCAS) की अनुमतियाँ हाल ही में 31 अक्टूबर 2025 को प्राप्त हुईं। अनुमतियाँ मिलते ही अब हैंगर का औपचारिक परिचालन प्रारंभ कर दिया गया है।
नवनिर्मित स्टेट हैंगर को टैक्सी वे ‘E’ के माध्यम से एयरपोर्ट रनवे से जोड़ा गया है, जिससे वीवीआईपी विमानों की आवाजाही सुगमता से हो सकेगी। इससे एयरपोर्ट परिसर के भीतर अलग व्यवस्थाओं की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और यात्री टर्मिनल पर भीड़भाड़ कम होगी।
राज्य शासन के स्वामित्व वाले विमान और हेलीकॉप्टरों के रखरखाव के लिए भी यह नया स्टेट हैंगर उपयोग में लाया जाएगा। इससे अब किराए के स्टेट हैंगर पर निर्भरता समाप्त होगी और रखरखाव की प्रक्रिया भी अधिक सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा सकेगी।
इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, माना कैम्प नगर पंचायत अध्यक्ष संजय यादव, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, उप सचिव सूरज साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
