मुंगेली। भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक संचालित ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ के अंतर्गत मुंगेली जिले में भी विविध जनहितैषी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 23 सितम्बर, दिन मंगलवार को जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय मंडी प्रांगण में निशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन होगा।

कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस शिविर में रायपुर और बिलासपुर के विभिन्न सुप्रसिद्ध अस्पतालों से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रहेगी। वे गंभीर बीमारियों का प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। शिविर में स्त्री रोग, हड्डी रोग, नेत्र रोग, त्वचा रोग, मानसिक रोग, हृदय रोग, शिशु रोग, किडनी रोग, मस्तिष्क रोग, नाक-कान-गला रोग, दंत रोग, कैंसर, सिकल सेल सहित अनेक जटिल बीमारियों की जांच और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन ने शिविर की तैयारियाँ प्रारंभ कर दी हैं। इस आयोजन में जिलेभर से स्वच्छता दीदी, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मातृ वंदना योजना की हितग्राही महिलाएँ, महिला आरोग्य समितियाँ, स्वयं सहायता समूह और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होकर स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाएंगे।