16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस जिला स्तरीय समारोह

मुंगेली, 25 जनवरी 2026। भारत निर्वाचन आयोग के मार्गदर्शन में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन सभा कक्ष में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिजा देवी मेरावी, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार, वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, अपर जिला न्यायाधीश राकेश कुमार सोम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जसविंदर कौर आजमानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, एसडीएम अजय शतरंज सहित ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ, अभिहित अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथियों को निर्वाचन विभाग द्वारा एसआईआर–2025 की कैप एवं “माई इंडिया, माई वोट – मैं भारत हूँ” बैज पहनाकर सम्मानित किया गया।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मतदान को लोकतंत्र की आत्मा बताया और मताधिकार के सही उपयोग का संदेश दिया।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने 25 जनवरी 1950 को निर्वाचन आयोग की स्थापना का उल्लेख करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने एसआईआर–2025 के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान में लगभग 90 प्रतिशत बीएलओ महिलाएं थीं, जिन्होंने उत्कृष्ट कार्य किया। उन्होंने जानकारी दी कि अपर कलेक्टर निष्ठा पांडेय तिवारी को राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ उप जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में सम्मानित किया गया है।

वनमंडलाधिकारी ने मतदाताओं की भागीदारी को लोकतंत्र की मजबूती से जोड़ा, वहीं जिला पंचायत सीईओ ने एसआईआर–2025 के संचालन को सुव्यवस्थित और प्रभावी बताया तथा जिले को प्रदेश में शीर्ष स्थान पर रहने की जानकारी दी।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए शपथ ली गई। समारोह में एसआईआर–2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 24 विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर सहित ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ, अभिहित अधिकारी, सुपरवाइजर तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के 20 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही तीन नए मतदाताओं को ईपिक कार्ड एवं नौ अभिहित अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *