रायपुर, 08 अक्टूबर 2025 — छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर प्रदेशभर के लगभग 13,000 सहकारी समिति कर्मचारियों से जुड़े संगठन की प्रदेश स्तरीय निर्णायक बैठक 12 अक्टूबर 2025 को रायपुर में आयोजित की जाएगी।

यह बैठक राज्य की 2058 सहकारी समितियों और 2739 धान उपार्जन केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं पर केंद्रित होगी। मुख्य रूप से धान खरीदी वर्ष 2025–26 के दौरान “सुखत राहत” (धान-सुखत) से संबंधित प्रावधानों एवं कर्मचारियों की लंबित तीन सूत्रीय मांगों पर चर्चा और निर्णय लिया जाएगा।
सहकारी समिति कर्मचारी संघ मुंगेली के जिलाध्यक्ष भोलाराम यादव ने बताया कि वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 के दौरान सुखत के कारण हुई आर्थिक क्षति की भरपाई शासन द्वारा अब तक नहीं की गई है, जबकि आंदोलन के बाद शासन ने इस संबंध में लिखित आश्वासन दिया था। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से राज्य की अधिकांश सहकारी समितियाँ वित्तीय संकट से जूझ रही हैं और कर्मचारियों को समय पर वेतन प्राप्त नहीं हो पा रहा है।
बैठक में छत्तीसगढ़ के 33 जिलों के जिला अध्यक्ष, प्रदेश कंप्यूटर ऑपरेटर महासंघ के प्रतिनिधि और अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान आगामी संयुक्त आंदोलन की रणनीति, शासन से संवाद की प्रक्रिया और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।