उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित

लोरमी, 14 अप्रैल
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं लोरमी विधायक अरुण साव ने सोमवार को लोरमी भाजपा कार्यालय में आयोजित सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दिलाया।

सम्मेलन में लोरमी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और 400 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री साव ने कहा, “भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। कार्यकर्ताओं की निष्ठा और मेहनत के कारण ही आज केंद्र में मोदी सरकार और राज्य में साय सरकार मजबूती से कार्य कर रही है।”

जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान

उपमुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक सही रूप में पहुंचाना कार्यकर्ताओं की अहम जिम्मेदारी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुनने और उस पर विचार-विमर्श करने का सुझाव भी दिया। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे पार्टी की गतिविधियों की रिपोर्टिंग ‘सरल ऐप’ पर नियमित रूप से करें और कार्यक्रमों की तस्वीरें अपलोड करें।

भविष्य की तैयारी, लक्ष्य विजय

अपने संबोधन में श्री साव ने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया और कहा कि, “लोरमी विधानसभा को संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत बनाना है, और इसमें आप सभी की भूमिका निर्णायक होगी।”

सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। उन्होंने एक स्वर में संगठन को मजबूती देने का संकल्प लिया और उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व में लोरमी को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *